लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखनऊ के आशियाना थाने में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) धर्मवीर शाही को बीएड की एक छात्रा द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है. छात्रा का आरोप है कि दरोगा ने शादी का झांसा देकर और केस में मदद का भरोसा दिलाते हुए कई बार उसका यौन शोषण किया. मामले की जांच उच्च अधिकारियों की निगरानी में कराई जा रही है.
पीड़िता के अनुसार, उसने पहले बस्ती निवासी अभिषेक सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले की विवेचना SSI धर्मवीर शाही कर रहे थे. छात्रा का आरोप है कि जांच के दौरान दरोगा ने उसे थाने बुलाया और कहा कि उसका मामला पुराना हो चुका है तथा यदि वह उनके साथ शारीरिक संबंध बनाएगी तो मेडिकल रिपोर्ट उसके पक्ष में कराई जा सकती है.
युवती का दावा है कि इसके बाद दरोगा ने थाने के अपने कमरे में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. आरोप है कि बाद में केस मजबूत कराने और उससे शादी करने का भरोसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया गया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने शादी की बात की तो दरोगा ने दूरी बनानी शुरू कर दी.
मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए SSI धर्मवीर शाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. अब पूरे प्रकरण की विभागीय और कानूनी जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि दरोगा और युवती की साथ घूमते हुए कई तस्वीरें भी सामने आई हैं. हालांकि, इन तस्वीरों की परिस्थितियों और उनके संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.