लखनऊ के बुद्धेश्वर में नगर निगम व पुलिस टीम पर खूनी हमला: दारोगा का दबाया गला, जंजीर से फोड़ा सिर; 4 गाड़ियां तोड़ीं, 2 महिलाएं गिरफ्तार

Rahul Jadaun 17 Aug 2026 03:29 PM 2 Mins
लखनऊ के बुद्धेश्वर में नगर निगम व पुलिस टीम पर खूनी हमला: दारोगा का दबाया गला, जंजीर से फोड़ा सिर; 4 गाड़ियां तोड़ीं, 2 महिलाएं गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुद्धेश्वर इलाके में अवैध डेयरियों, गोबर और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर पशुपालकों की भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। आदर्श विहार और जनता विहार कॉलोनी में हुई इस हिंसक घटना में करीब 20 से 25 लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे की जंजीर और पत्थरों से टीम पर धावा बोल दिया। उपद्रवियों ने बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दारोगा विनय पटेल का गला दबा दिया और एक महिला ने लोहे की जंजीर व पत्थर से वार कर उनका सिर फोड़ दिया। हमले में तीन नगर निगम कर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि नगर निगम के चार सरकारी वाहनों के शीशे चकनाचूर कर दिए गए।

कार्रवाई शुरू होते ही भड़का आक्रोश नगर निगम के पशु कल्याण विभाग को जनता विहार, आदर्श विहार और गढियाना मैदान के आसपास अवैध डेयरियों द्वारा सड़क पर गोबर बहाने और गंदगी फैलाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर निगम की कैटल कैचर टीम पुलिस बल और सुरक्षा गार्डों के साथ मौके पर पहुंची थी। टीम ने जब अवैध रूप से पाली जा रही 18 भैंसों को जब्त कर कैटल कैचर गाड़ियों में लादना शुरू किया, तभी दर्जनों पशुपालक और स्थानीय लोग लामबंद हो गए।

दारोगा का गला दबाया, जंजीर से किया वार देखते ही देखते भीड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल को उपद्रवियों ने चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने दारोगा की कॉलर पकड़कर उनका गला दबाया और एक महिला ने मवेशी बांधने वाली लोहे की भारी जंजीर से उनके सिर पर सीधा प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इस दौरान भीड़ ने पथराव कर नगर निगम के चार वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

भारी पुलिस बल पहुंचा, दो महिलाएं गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अभिनव वर्मा और पारा प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और घिरे हुए अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल दारोगा और घायल कर्मचारियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पारा थाना पुलिस ने पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की तहरीर पर हत्या के प्रयास, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

#LucknowNews #UPPolice #NagarNigam #LucknowCrime #BreakingNews #UPNews

Recent News