Lucknow Coaching Fire Latest Update : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड पर बड़ा एक्शन लिया है. घटना के बाद मुख्यमंत्री ने अपने सभी निर्धारित दौरे रद्द कर दिए और उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, इनमें जानकीपुरम क्षेत्र के एक्सईएन कलेक्शन गौरव कुमार, इंदिरा नगर के फायर सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफिसर कमलेन्द्र कुमार सिंह, सहायक अभियंता (AE) अनिल कुमार और जूनियर इंजीनियर (JE) प्रमोद पांडे शामिल हैं.शासन का मानना है कि भवन की सुरक्षा और निगरानी से जुड़े मामलों में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है.
उधर, लखनऊ पुलिस ने भी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में बिल्डिंग मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, रामकृष्ण उपाध्याय और तुषाक कृष्णा जायसवाल शामिल हैं. पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं.
समीक्षा बैठक के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित भवन वर्ष 2014 से व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयोग में था, जबकि वर्ष 2022 से उसे कमर्शियल हाउस टैक्स श्रेणी में दर्ज किया गया। इस खुलासे के बाद भवन की स्वीकृतियों, सुरक्षा प्रमाणपत्रों और विभागीय निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासनिक जांच के साथ-साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अग्निकांड अब केवल हादसा नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने की बड़ी परीक्षा बन गया है.