'सड़कें बनने तक जूता-चप्पल त्याग रहा हूं', मध्य प्रदेश BJP विधायक का रोड के लिए बड़ा संकल्प

Amanat Ansari 11 Jul 2026 03:05: AM 1 Mins
'सड़कें बनने तक जूता-चप्पल त्याग रहा हूं', मध्य प्रदेश BJP विधायक का रोड के लिए बड़ा संकल्प

भोपाल: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कलापीपाल विधानसभा क्षेत्र के BJP विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने ऐलान कर दिया है कि सड़कें बनने तक वह जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे. उन्होंने कहा, "10 साल लग जाएं, तब भी मैं नंगे पैर रहूंगा." यह घोषणा गुरुवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने पहुंचे थे. कार्यक्रम में ₹30 करोड़ की योजनाओं का ऐलान किया गया.

विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने मंच से अपने क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा, "मैं अपने विधानसभा क्षेत्र की सड़कें बनने तक जूता-चप्पल त्याग रहा हूं. सड़कें बनने तक मैं नंगे पैर चलूंगा." उनके इस भावुक बयान से मंच पर मौजूद कई नेता असहज नजर आए, जबकि श्रोताओं की भीड़ से तालियां गूंजीं.

विधायक के बयान के तुरंत बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें समझाते हुए कहा, "हमारे प्रिय विधायक भावना में बहकर बोल गए हैं. जूता-चप्पल उतारने की जरूरत नहीं है. मध्य प्रदेश में पांच लाख किलोमीटर से ज्यादा सड़कें बन चुकी हैं. हम इतने कमजोर नहीं हैं कि जूते छोड़ने पड़ें. जूते हमें आगे बढ़ने में मदद करते हैं."

सीएम ने उन्हें शब्दों पर संयम रखने की सलाह भी दी और कहा कि BJP सरकार सड़क निर्माण सहित इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है. यह घटना 2022 की याद दिलाती है, जब तत्कालीन ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने ग्वालियर में सड़क सुधार के लिए नंगे पैर चलने का संकल्प लिया था.

66 दिनों बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के अनुरोध पर उन्होंने अपना संकल्प वापस लिया था. विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का यह संकल्प स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. देखना होगा कि यह नंगे पांव का सफर कितने दिन चलेगा और कलापीपाल की सड़कें कब दुरुस्त होंगी.

Madhya Pradesh BJP MLA Ghanshyam Chandravanshi Mohan Yadav

Recent News