गया (बिहार): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को अपने निजी दौरे पर गयाजी पहुंचे. उन्होंने बोधगया स्थित आदि शंकराचार्य मठ में अपनी कुलदेवी मां वराह देवी की विशेष पूजा-अर्चना की और निरंजना (फल्गु) नदी के तट पर विधि-विधान से पितरों का तर्पण किया.
सीएम मोहन यादव गया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे बोधगया के शंकराचार्य मठ गए. मठ में उनकी कुलदेवी मां वराह देवी की प्राचीन प्रतिमा स्थापित है, जिसे छठी शताब्दी की बताया जाता है. महंत और पुजारियों की मौजूदगी में उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया.
इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ निरंजना नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण किया. पितृपक्ष मेला के अंतिम दिन यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ. मठ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम का भव्य स्वागत किया.
डॉ. मोहन यादव ने मठ के महंत, पुजारियों और स्थानीय संतों से भी मुलाकात की. इससे पहले मई 2024 में भी वे परिवार के साथ यहां मां वराह देवी की पूजा कर चुके हैं. गयाजी की पावन धरती पर सीएम मोहन यादव के इस दौरे को आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ा बताया जा रहा है. उन्होंने गया की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का भी उल्लेख किया.