Maharashtra Assembly Election: दावा किया जा रहा है शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और संजय राउत (Sanjay Raut) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) से मुलाकात की है. हालांकि इसे लेकर दोनों ही पार्टियों की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि एक बार फिर से शिवसेना उद्धव गुट और बीजेपी में गठबंधन पर बात हो सकती है. दरअसल, जो वीडियो मैसेज जारी किया गया है वह 25 जुलाई का है.
वीबीए (VBA) के मुख्य प्रवक्ता सिद्धार्थ मोकले (Siddharth Mokle) की ओर से जारी वीडियो में दावा किया गया है कि संजय राउत ने 25 जुलाई रात करीब 2 बजे जेपी नड्डा से मुलाकात की थी. साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया है कि 5 अगस्त को रात करीब 12 बजे उद्धव ठाकरे ने भी डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Deputy CM Devendra Fadnavis) से मुलाकात करने मातोश्री (Matoshree) बंगले पर गए थे. उन्होंने बताया कि उद्धव अकले ही उनसे मिलने गए थे और इस दौरान करीब 2 घंटे दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई थी.
सिद्धार्थ मोकले ने दावा किया कि फिर 6 अगस्त को उद्धव ठाकरे दिल्ली गए थे. उन्होंने कहा कि ठाकरे को स्पष्ट करना चाहिए कि वे किसके साथ दिल्ली गए थे और उन्होंने किससे मुलाकात की थी. उन्होंने कहा कि हमें जो जानकारी मिली है उसे हम लोगों के सामने रख रहे हैं, क्योंकि जो आरक्षणवादी मतदाता है, वह जानते हैं कि बीजेपी और उसके सहयोगी आरक्षण विरोधी हैं, पर इन आरक्षणवादी मतदाताओं ने उद्धव ठाकरे की पार्टी को वोट दिया है.
उन्होंने कहा है कि हम इस जानकारी को इसलिए साझा कर रहे हैं क्योंकि, पिछले 5 सालों में महाराष्ट्र में जो राजनीति गतिविधियां देखने को मिली है, अगर कल को कोई प्रतिकूल घटनाएं घटित हो जाती हैं तो जनता भी समझ सके कि उसके साथ गलत हुआ है. वहीं इस दावे के खुलासा होने से महाराष्ट्र की राजनीति और गरमा गई है. दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र में अभी सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा जोरों पर है, एसे में वीबीए का यह दावा बहुत कुछ बदल सकता है.