अपनी ही सरकार के दावों को मैथिली ठाकुर ने कियाखारिज; बिहार विधानसभा में दिखा दिलचस्प नजारा

Amanat Ansari 10 Feb 2026 12:49: PM 1 Mins
अपनी ही सरकार के दावों को मैथिली ठाकुर ने कियाखारिज; बिहार विधानसभा में दिखा दिलचस्प नजारा

पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र में एक दिलचस्प और सराहनीय घटना घटी, जब प्रसिद्ध गायिका से नेता बनीं अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपनी ही सरकार के दिए गए लिखित जवाब पर आपत्ति जताई और उसे पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के उस बयान को चुनौती दी, जिसमें विभाग ने दावा किया था कि अलीनगर क्षेत्र के सरकारी अस्पताल का भवन जर्जर नहीं है और बस मामूली मरम्मत की जरूरत है.

मैथिली ने सदन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इस जवाब से संतुष्ट नहीं हैं, क्योंकि उन्होंने खुद अस्पताल का दौरा किया है. वहां की सच्चाई यह है कि भवन इतना कमजोर हो चुका है कि कभी भी ढह सकता है, और सारी स्वास्थ्य सेवाएं महज एक छोटे कमरे में समेट दी गई हैं. डॉक्टरों की भारी कमी का भी उन्होंने जिक्र किया.

इस क्षेत्र में 40-50 हजार की आबादी रहती है, जो अलीनगर और घनश्यामपुर प्रखंडों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है. पहले यहां दो एमबीबीएस डॉक्टर तैनात रहते थे, लेकिन अब सिर्फ आयुष डॉक्टरों के सहारे काम चल रहा है. मैथिली ने तत्काल कम से कम दो एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की ताकि लोगों को बेहतर इलाज मिल सके.

अपने संबोधन में उन्होंने विनम्रता और सम्मान का खास ध्यान रखा. स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि बचपन से उन्हें जनसेवा में देखती आई हैं, इसलिए यह कोई आरोप नहीं, बल्कि एक निवेदन है. उन्होंने आग्रह किया कि जनता के हित में इस अस्पताल को प्राथमिकता पर ठीक किया जाए और उसका पूरा कायाकल्प हो.

मैथिली ठाकुर ने पिछले साल नवंबर में दरभंगा जिले की अलीनगर सीट से भाजपा के टिकट पर पहली बार चुनाव जीता था. सदन में उनका यह तथ्यपरक, मर्यादित लेकिन दृढ़ रुख सभी की सराहना बटोर रहा है. सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने इसे सकारात्मक राजनीति का उदाहरण माना.

Bihar Assembly Maithili Thakur Alinagar Assembly Bihar Health System

Recent News