पटना: बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के चकिया इलाके में रविवार को पुलिस ने एक मदरसे में छापा मारा. इस दौरान वहां से एक आधुनिक पिस्टल मिली है. पुलिस ने तुरंत मदरसे को सील कर दिया और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है.
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने गवंदरा गांव स्थित मदरसे की तलाशी ली. हथियार बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका है कि इसे किसी बड़ी घटना के लिए जमा किया जा रहा था. हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ जारी है.
पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि पिस्टल कहां से आई और इसका क्या उद्देश्य था. यह वही मदरसा है जहां लगभग ढाई साल पहले बिहार एटीएस ने पीएफआई से जुड़े याकूब उर्फ सुल्तान उर्फ उस्मान को गिरफ्तार किया था.
उसके बाद से इस क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां कई बार देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों पर नजर रख रही हैं. एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि हथियार की सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन लिया गया. तीनों संदिग्धों से अब विस्तार से पूछताछ की जा रही है.