Khan Sir: पटना के चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज फायरिंग केस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि खान सर की सुरक्षा में तैनात कुछ बॉडीगार्ड ऐसे हथियार लेकर चल रहे थे, जिनके लाइसेंस में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं. जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस आधार पर किया जा रहा था और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं.
मामला 2 जून को पटना के कदमकुआं स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हुई फायरिंग से जुड़ा है. घटना के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो सुरक्षा कर्मी गोली चलाते दिखाई दिए थे. पुलिस ने दोनों बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर उनके हथियार जब्त कर लिए थे. इसके बाद फॉरेंसिक जांच और दस्तावेजों की पड़ताल में हथियारों के लाइसेंस से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं.
जांच अधिकारियों के मुताबिक, अब यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा कर्मियों को हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने की वैध अनुमति थी या नहीं. पुलिस इस पूरे मामले में हथियारों के लाइसेंस, उनके नवीनीकरण और नियमों के पालन की विस्तृत जांच कर रही है.
इस मामले में खान सर (फैसल खान) के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है. हालांकि, पटना की अदालत ने उन्हें फिलहाल अंतरिम राहत देते हुए 30 जून तक गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है. अदालत ने पुलिस को जांच जारी रखने और खान सर को जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है.
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि हथियारों के इस्तेमाल या लाइसेंस से जुड़ी कोई और अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.