तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए बड़े समर्थन का ऐलान

Amanat Ansari 08 May 2026 04:53: PM 1 Mins
तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए बड़े समर्थन का ऐलान

चेन्नई: तमिलनाडु में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस के समर्थन के बाद अब वामपंथी पार्टियों (सीपीआई और सीपीएम) तथा विदुथलई चिरुथैगल काची (वीसीके) ने भी टीवीके चीफ विजय को सरकार बनाने का समर्थन देने की घोषणा कर दी है. सूत्रों के अनुसार, ये तीनों दल विजय को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में हैं. इस समर्थन के साथ टीवीके की स्थिति मजबूत हो गई है.

सीटों का आंकड़ा

  • टीवीके: 107
  • कांग्रेस: 5
  • सीपीआई: 2
  • सीपीएम: 2
  • वीसीके: 2
  • कुल: 118

टीवीके सूत्रों ने बताया कि विजय आज शाम को फिर से राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करेंगे. यह इस सप्ताह उनकी तीसरी मुलाकात होगी. बैठक में विजय सरकार गठन को लेकर अपना दावा और रुख स्पष्ट करेंगे.

वामपंथी दलों की बैठक

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) ने शुक्रवार को बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर फैसला लिया. पार्टी ने टीवीके के अनुरोध पर चर्चा की, जिसमें राज्य में ‘नई धर्मनिरपेक्ष सरकार’ बनाने के लिए समर्थन देने का प्रस्ताव था. सीपीएम के तमिलनाडु सचिव पी. षणमुगम ने विजय को तुरंत मुख्यमंत्री बनाने का खुलकर समर्थन किया और राज्यपाल से इसकी अनुमति देने की अपील की.

वीसीके ने स्पष्ट किया रुख

वीसीके अध्यक्ष थिरुमावलवन ने कहा कि तेजी से बदल रहे राजनीतिक परिदृश्य पर पार्टी का आधिकारिक रुख तय करने से पहले उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की. हालांकि अध्यक्ष को फैसला लेने का अधिकार है, लेकिन उन्होंने पार्टी की भावनाओं को भी ध्यान में रखने की बात कही.

विधानसभा चुनाव में ट्रिशंकु स्थिति बनने के बाद तमिलनाडु में सरकार गठन की कवायद तेज हो गई है. टीवीके सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और अब सहयोगी दलों के समर्थन के साथ सरकार बनाने की राह आसान दिख रही है.

Vijay in Tamil Nadu TVK Vijay TVK Vijay government Vijay Government in Tamil Nadu

Recent News