इंस्पेक्टर को फांसकर संबंध बनाने का दिया ऑफर, फिर महिला वकील और सहेली ने ऐंठे लाखों, साइको किलर सहित दो गिरफ्तार

Amanat Ansari 22 Aug 2025 08:21: PM 2 Mins
इंस्पेक्टर को फांसकर संबंध बनाने का दिया ऑफर, फिर महिला वकील और सहेली ने ऐंठे लाखों, साइको किलर सहित दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: हरियाणा में मलेरिया इंस्पेक्टर को हनीट्रैप में फंसाकर चार लाख रुपए की उगाही करने का मामला सामने आया है. नौल्था गांव के दो आरोपी सोनू और आशीष को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस साजिश में शामिल एक महिला वकील और उसकी सहेली फरार हैं. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लिया है और उनसे फरार महिलाओं के बारे में पूछताछ कर रही है.

पुलिस के अनुसार, मलेरिया इंस्पेक्टर ने 7 जुलाई को पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज की थी. उसने बताया कि करीब दस दिन पहले वह गोहाना रोड पर खड़ा था, जब उसकी मुलाकात अपने परिचित नरेंद्र से हुई. नरेंद्र ने उसे दो महिलाओं, पूजा शर्मा (जो वकील बताई गई) और अंजू कादियान से मिलवाया. दोनों ने उसका फोन नंबर ले लिया और अंजू ने उससे नियमित रूप से बात शुरू कर दी.

6 जुलाई को अंजू ने इंस्पेक्टर को असंध रोड पर एक रिहायशी इलाके में बुलाया. वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया गया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया. तभी दो युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने इंस्पेक्टर के साथ मारपीट की. उसका मोबाइल छीन लिया और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की. बाद में पूजा शर्मा ने हस्तक्षेप करते हुए सौदा चार लाख रुपए में तय किया. इंस्पेक्टर से 22500 रुपए नकद ले लिए गए और बाकी रकम के लिए दबाव बनाया जाता रहा. डर के मारे इंस्पेक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज की.

गिरफ्तार आरोपी सोनू एक कुख्यात अपराधी बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने साइको किलर का दर्जा दिया है. उस पर 2012 में एक सप्ताह के भीतर चार हत्याओं सहित 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें कारद गांव के एक आईबी जवान की हत्या भी शामिल है, जिसे उसने मामूली रकम के लिए गला दबाकर मार डाला था. एक अन्य मामले में उसने उत्तर प्रदेश के एक युवक को मरा समझकर नहर में फेंक दिया था, जो बाद में सिवाह गांव के पास जिंदा निकल आया. सोनू ने पुलिस को बताया था कि वह कुख्याति हासिल करने के लिए हत्याएं करता था और मृतकों की जेब से पैसे लूट लेता था.

सोनू को 2012 में टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया गया था. वह हाल ही में पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन 3 जून को जेल वापस जाने के बजाय फरार हो गया था. डीएसपी सुरेश सैनी ने लघु सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और सोनू व आशीष को गिरफ्तार कर लिया. पूजा शर्मा और अंजू कादियान की तलाश जारी है. पुलिस ने बताया कि सोनू पर चार हत्याओं, दो हत्या के प्रयास और आठ लूट के मामले दर्ज हैं. इंस्पेक्टर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की गहन जांच चल रही है.

honeytrap case panipat psycho killer sonu arrest panipat crime news malaria inspector honeytrap

Recent News