''देखो और इंतजार करो...'' बंगाल चुनाव में हार मिलता देख ममता बनर्जी का आया पहला बयान

Amanat Ansari 04 May 2026 01:16: PM 1 Mins
''देखो और इंतजार करो...'' बंगाल चुनाव में हार मिलता देख ममता बनर्जी का आया पहला बयान

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस की बड़ी हार के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है. सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ''देखो और इंतजार करो'' की रणनीति पर आगे बढ़ेगी. ममता ने दावा किया कि उनकी टीम ने चुनाव में बाघ के बच्चों की तरह लड़ाई लड़ी.

उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मतगणना को जानबूझकर धीमा किया जा रहा है. उनके अनुसार, गणना प्रक्रिया रोक दी गई है, सात मशीनें बंद कर दी गई हैं, गिनती केंद्रों पर तोड़फोड़ हुई है और वोटों की लूट हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी अभी भी करीब 100 सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन इसे जानबूझकर छिपाया जा रहा है. ममता ने आरोप लगाया कि राज्य की पुलिस अब माफिया के इशारों पर काम कर रही है और उसने उनके सामने घुटने टेक दिए हैं.

ममता का कर्याकर्ताओं से आह्वान

ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे डरे नहीं. उन्होंने कहा, ''ये बीजेपी का प्लान है. पोलिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिंग सेंटर बिल्कुल न छोड़ें. आखिरी वोट तक पूरी निगरानी रखनी होगी. हम उनसे लड़ेंगे.'' चुनावी रुझानों के मुताबिक, भाजपा 293 सीटों में से 191 सीटों पर मजबूत बढ़त बनाए हुए है, जो बहुमत (148) से कहीं ज्यादा है.

वहीं तृणमूल कांग्रेस 97 सीटों पर सिमट गई है. भाजपा को करीब 114 सीटों का फायदा दिख रहा है, जबकि टीएमसी को 115 सीटों का नुकसान हो रहा है. 15 साल सत्ता में रहने के बाद ममता बनर्जी की सरकार पहली बार सत्ता से बाहर होने की कगार पर दिख रही है. भाजपा बंगाल में पहली बार अपनी सरकार बनाने की मजबूत स्थिति में पहुंच गई है.

अपनी सीट पर आगे हैं ममता

ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां उनके सामने भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी हैं. हालांकि अभी ममता इस सीट पर आगे चल रही हैं. शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनावी मैदान में हैं. कोलकाता और आसपास की कई सीटों पर भी भाजपा की अच्छी बढ़त नजर आ रही है. चुनाव आयोग के आंकड़ों में भी भाजपा काफी आगे दिख रही है.

Bengal Election Result Election Result 2026 Mamata Banerjee Mamata Banerjee Video