TMC Office Raid : पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय बड़ा हड़कंप मच गया, जब कोलकाता के साल्टलेक इलाके में स्थित एक कथित टीएमसी कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए. बिधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर-36 स्थित बसंती देवी कॉलोनी में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 100 से ज्यादा आधार कार्ड जब्त किए हैं, इसके साथ ही सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री और कब्जे से जुड़े कई अहम कागजात मिलने की भी बात सामने आई है.
स्थानीय लोगों का दावा है कि बरामद आधार कार्ड इलाके के ही निवासियों के हैं. उनका कहना है कि आधार कार्ड बनवाने के दौरान कई लोगों ने पार्टी कार्यालय का पता संपर्क पते के रूप में इस्तेमाल किया था. आरोप यह भी है कि कार्ड आने के बाद उन्हें लोगों तक पहुंचाने के बजाय दफ्तर में ही रख लिया गया. कुछ निवासियों ने बताया कि कई बार पूछने पर उन्हें कहा जाता था कि कार्ड अभी तक नहीं आया है. जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने 4 मई को इस कार्यालय पर ताला लगा दिया था, बाद में जब ताला खोला गया तो अंदर से बड़ी संख्या में दस्तावेज और आधार कार्ड मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. बिधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी दस्तावेज कब्जे में ले लिए और जांच शुरू कर दी है.
यह मामला इसलिए भी संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि पश्चिम बंगाल में पहले से ही फर्जी दस्तावेज, घुसपैठ और वोटर पहचान पत्रों को लेकर राजनीतिक बहस चलती रही है. लगातार राज्य में पहचान पत्रों के दुरुपयोग और अवैध नेटवर्क होने के आरोप लगता रहा है. अब टीएमसी दफ्तर से इतनी बड़ी संख्या में आधार कार्ड मिलने के बाद सियासी विवाद और तेज हो गया है. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि ये दस्तावेज वहां क्यों रखे गए थे और सरकारी जमीन से जुड़े कागजात का इस कार्यालय से क्या संबंध है.