महबूबनगर: तेलंगाना के महबूबनगर जिले में एक युवक पर कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट के कारण एक समूह ने हमला कर दिया. यह पोस्ट ईरान के सर्वोच्च नेता आयतोल्लाह अली खामेनेई की मौत से संबंधित थी. पुलिस ने हमले से जुड़े नौ लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन सभी को जमानत मिल चुकी है. पीड़ित संतोष कुमार, जो सरकारी अस्पताल के पास फुटपाथ पर छोटी दुकान चलाते हैं, ने बताया कि ईरानी नेता की मौत पर उन्होंने इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की थी.
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मैंने इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फेसबुक पर उस व्यक्ति की मौत के बारे में एक स्टोरी पोस्ट की थी. यह सिर्फ व्यक्तिगत पोस्ट थी और ज्यादा लोग मेरी स्टोरी देखते भी नहीं हैं. हालांकि, यह पोस्ट स्थानीय ग्रुप में शेयर हो गई, जिसके बाद रात करीब 9 बजे उनकी दुकान के बाहर उन पर हमला कर दिया गया.
संतोष ने आरोप लगाया कि रात करीब 9 बजे लगभग सात लोग मेरे पास आए. अचानक उन्होंने मुझे पीटना शुरू कर दिया, जमीन पर गिरा दिया और लगातार कुचलते रहे. उन्होंने कहा कि जल्द ही और लोग आ गए. उसके बाद 10 से 15 लोग और जुड़ गए. कुल मिलाकर 20 से 25 लोगों ने लगातार मारते और लातें मारते रहे. मैंने उन्हें रुकने की भीख मांगी, लेकिन उन्होंने नहीं सुना.
संतोष कुमार को हमले में गर्दन, पीठ और होंठों पर चोटें आईं. उन्होंने बताया कि पास की एक दुकान के मालिक ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाया. उन्होंने कहा कि सामने वाली दुकान का एक व्यक्ति आया और मुझे बचाया. अगर वह नहीं आता तो शायद मैं मर जाता. पीड़ित ने यह भी दावा किया कि हमलावर बाद में फिर से इलाके में आए और उन्हें ढूंढ रहे थे.
उन्होंने आगे कहा कि आधी रात के आसपास भी वे वापस आए और लोगों से मेरी दुकान के बारे में पूछ रहे थे. दोस्तों ने मुझे बाहर न जाने की चेतावनी दी, क्योंकि वे मुझे ढूंढ रहे थे, अब उन्हें अपनी जान का डर है और वे दुकान दोबारा खोलने के लिए पुलिस सुरक्षा चाहते हैं. पुलिस ने पुष्टि की कि हमला सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद से जुड़ा था.
महबूबनगर के डीएसपी वेंकटेश्वरलु ने कहा कि 1 तारीख की रात को एक व्यक्ति ने ग्रुप में मौत के बारे में कमेंट किया. यह मानकर कि उसने कमेंट किया है, लगभग 11 लोगों ने सामूहिक रूप से उस पर शारीरिक हमला कर दिया. उन्होंने जोड़ा कि ज्यादातर आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं. 11 आरोपियों में से नौ को गिरफ्तार कर लिया गया है और वे हमारी हिरासत में हैं. बाकी दो की तलाश जारी है और उन्हें भी अदालत में पेश किया जाएगा.