"हिंदू भाई को जिहादियों ने मार दी गोली...'' दिल्ली में युवक की हत्या के बाद बोले प्रदर्शनकारी, अक्षरधाम-गाजियाबाद रोड जाम, अब कैसा है माहौल?

Amanat Ansari 10 Mar 2025 04:03: PM 1 Mins

नई दिल्ली: गाजीपुर के निवासियों ने सोमवार सुबह अक्षरधाम-गाजियाबाद रोड पर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के गाजीपुर इलाके में रविवार रात को गोली मारकर एक युवक की हत्या के लिए जिम्मेदार संदिग्धों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शनकारियों में से एक वीरेंद्र सिंह ने कहा, "गाजीपुर गांव में हमारा एक हिंदू भाई था, उसे रात में जिहादियों ने गोली मार दी. वह गूजर समुदाय से था. यह घटना रात करीब 2 बजे हुई.''

उन्होंने बताया कि समस्या यह थी कि आरोपी इलाके पर हावी थे, पैसे इकट्ठा कर रहे थे और अवैध कारोबार चला रहे थे. इस भाई ने उनके खिलाफ आवाज उठाई और कहा कि इस तरह का वर्चस्व नहीं चलने दिया जाएगा. इसी वजह से उसे दो गोलियां लगीं और वह मौके पर ही मर गया. उसका नाम रोहित था. वह गाजीपुर का रहने वाला था और उसके पिता इस दुनिया में नहीं हैं. वह अपने मामा के साथ रहता था. उसके तीन भाई थे और वह सबसे बड़ा था."

पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि दिल्ली के गाजीपुर इलाके में रविवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई.  मामले में आर्म्स एक्ट और हत्या दोनों के तहत मामला दर्ज किया है. पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी-1 विनीत कुमार ने बताया, "हमें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घायल है. जब हम अस्पताल गए तो पता चला कि उसे गोली लगी है. शुरुआती जांच में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है और कई टीमें इस पर काम कर रही हैं."

एक अन्य प्रदर्शनकारी चौधरी करम सिंह रावत ने कहा, "यह दिल्ली पुलिस और प्रशासन का मामला है. अगर वे चाहते तो अब तक हमारे बच्चे की हत्या करने वाले को गिरफ्तार कर लेते. हम इस वजह से परेशान हैं. अगर हमें न्याय नहीं मिला तो हिंसा और खून-खराबा होगा.

जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक सड़क जाम रहेगी." फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जबकि हत्या का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. वहीं पुलिस कर्मियों के द्वारा जाम को हटाने की कोशिश की जा रही है.

man shot dead shot dead delhi delhi news murder in delhi

Recent News