पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व PM मनमोहन सिंह, राजकीय सम्मान के साथ यहां हुआ अंतिम संस्कार

Global Bharat 28 Dec 2024 02:32: PM 1 Mins
पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व PM मनमोहन सिंह, राजकीय सम्मान के साथ यहां हुआ अंतिम संस्कार

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व विख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह (Dr. Manmohan Singh) शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए. तिरंगे झंडे में लिपटे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ निगम बोध घाट पर किया गया. उनकी बेटी ने मुखाग्नि दी. यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता व सरकार के मंत्री मौजूद रहे.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी सलामी

अंतिम संस्कार से पहले तीनों सेनाओ व तीनों सेनाओ की सुप्रीम कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सलामी दी. निगमबोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर की तीनों सशस्त्र बलों के अधिकारियों ने मिलिट्री बैंड के साथ अगुवाई की. भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना के अधिकारियों ने यहां पूर्व प्रधानमंत्री को सलामी दी. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर सिख रीति रिवाज के अनुरूप किया गया. इस दौरान उनकी धर्मपत्नी और बेटियां मौजूद रहीं. अंतिम संस्कार के दौरान परिसर में 'डॉ. मनमोहन सिंह अमर रहे' 'डॉ. साहब अमर रहे' के नारे गूंजते रहे.

राहुल गांधी और खड़गे ने क्या कहा

पूर्व प्रधानमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई दी, डॉ. मनमोहन सिंह की विनम्रता, मार्गदर्शन और देश के लिए उनका योगदान इतिहास के पन्नों में सदा जीवित रहेंगे. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को देश व भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से आखिरी सलाम.

गृह मंत्री व कई दिग्गज हुए शामिल

पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम संस्कार में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, प्रियंका गांधी वाड्रा व विभिन्न पार्टियों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे एवं विदेशी गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे. पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में 'जब तक सूरज चांद रहेगा मनमोहन सिंह का नाम रहेगा', 'मनमोहन सिंह भारत मां का लाल' जैसे नारे लगाए गए. पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कांग्रेस मुख्यालय से प्रारंभ हुई.

manmohan singh funeral manmohan singh death manmohan singh manmohan singh death news

Description of the author

Recent News