मेस्सी के कोलकाता इवेंट में भारी बवाल, फैंस ने फेंकी बोतलें, मामता बनर्जी ने मांगी माफी

Amanat Ansari 13 Dec 2025 01:53: PM 3 Mins
मेस्सी के कोलकाता इवेंट में भारी बवाल, फैंस ने फेंकी बोतलें, मामता बनर्जी ने मांगी माफी

नई दिल्ली: फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी को देखने के लिए कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती साल्ट लेक स्टेडियम में 5,000 रुपये और उससे अधिक खर्च करके आए फैंस के लिए यह जीवन का एक अनोखा पल होने वाला था, लेकिन यह कार्यक्रम पूरी तरह से अफरा-तफरी में बदल गया. महीनों से अपने फुटबॉल आइडल का इंतजार कर रहे समर्थक तब निराश हो गए जब अर्जेंटीना के इस आइकन का मैदान पर आने का समय बेहद कम हो गया. भीड़भाड़ और अफरातफरी के बीच हालात बेकाबू हो गए.

चश्मदीदों के अनुसार, मेस्सी का स्टेडियम का चक्कर लगाने का प्लान कभी ठीक से अमल में नहीं आया. जैसे ही वे मैदान पर उतरे, उन्हें तुरंत राजनेताओं, अधिकारियों, सेलिब्रिटीज और उनके परिवार वालों के साथ-साथ भारी संख्या में पपराजी ने घेर लिया. मेस्सी के आसपास इतनी भीड़ हो गई कि उनकी सिक्योरिटी टीम को चक्कर लगाने का प्लान ही छोड़ना पड़ा, जिससे आम दर्शकों से उनकी मुलाकात बेहद सीमित हो गई. जब खबर फैली कि सुपरस्टार ज्यादा देर नहीं रुकेंगे, तो स्टैंड्स में बेचैनी बढ़ने लगी.

जब मेस्सी 10 मिनट से भी कम समय में मैदान से चले गए, तो कुछ हिस्सों में गुस्सा भड़क उठा. सुबह से ही स्टेडियम पहुंचे कई फैंस ने आयोजन की प्लानिंग और एक्सेस व्यवस्था पर सवाल उठाए, खासकर जब उन्होंने यादगार अनुभव की उम्मीद में ऊंचे दाम वाले टिकट खरीदे थे. बोतलें फेंकी गईं, होर्डिंग्स क्षतिग्रस्त किए गए और सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा.

मेस्सी का छोटा सा प्रदर्शन ही अशांति का मुख्य कारण बना. विश्व कप विजेता को भारी सुरक्षा के बीच अन्य वीवीआईपी के साथ स्टेडियम से बाहर ले जाया गया, जिससे हजारों समर्थक हैरान और निराश रह गए. कई लोगों के लिए यह क्षणिक झलक उस सपने से बहुत दूर थी जिसकी उन्हें टिकट बिक्री के समय उम्मीद दी गई थी.

जल्द ही स्टेडियम के अंदर के नाटकीय दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें नाराज फैंस, क्षतिग्रस्त साइनेज और उछाली गई वस्तुएं दिखाई दे रही थीं. ये दृश्य दिन के शुरुआती उत्साही माहौल से पूरी तरह विपरीत थे, जब मेस्सी कोलकाता पहुंचे थे. साल्ट लेक स्टेडियम से मेस्सी के जाने के बाद एक फैन ने कहा, "केवल नेता और एक्टर्स ने मेस्सी को घेर रखा था... फिर हमें बुलाया ही क्यों... हमने 12 हजार का टिकट लिया, लेकिन उनका चेहरा तक नहीं देख सके..." 

एक अन्य फैन ने कहा, "यह बिल्कुल घटिया इवेंट था. वे सिर्फ दस मिनट के लिए आए. सभी पॉलिटिशियन, मंत्री और कॉर्पोरेट अधिकारी उन्हें घेरकर खड़े थे, इसलिए हमें कुछ दिखाई ही नहीं दिया. उन्होंने एक किक तक नहीं मारी, कोई पेनाल्टी नहीं, कुछ नहीं. कहा गया था कि शाहरुख खान भी आएंगे, लेकिन वे नहीं आए. मेस्सी को दस मिनट के लिए लाया गया और फिर ले जाया गया. यह पूरी तरह धोखा था. लोगों के इतने पैसे, भावनाएं और समय बर्बाद हो गए; हमें कुछ देखने को नहीं मिला."

साल्ट लेक स्टेडियम में अशांति और मेस्सी के जल्दी चले जाने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर माफी मांगी. उन्होंने कुप्रबंधन पर खेद जताते हुए मेस्सी और कोलकाता के फुटबॉल प्रेमियों से माफी मांगी, जिन्हें अर्जेंटीना के सुपरस्टार की ठीक से झलक नहीं मिल सकी. ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट किया, "साल्ट लेक स्टेडियम में आज जो कुप्रबंधन देखने को मिला, उससे मैं गहराई से व्यथित और स्तब्ध हूं. मैं हजारों खेल प्रेमियों और फैंस के साथ इवेंट में शामिल होने स्टेडियम जा रही थी, जो अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की एक झलक पाने आए थे." 

उन्होंने आगे कहा, "मैं लियोनेल मेस्सी के साथ-साथ सभी खेल प्रेमियों और उनके फैंस से इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए ईमानदारी से माफी मांगती हूं." बंगाल की सीएम ने कुप्रबंधन की जांच का आश्वासन भी दिया और फुटबॉल फैंस को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा, "मैं न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशीम कुमार राय की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित कर रही हूं, जिसमें मुख्य सचिव और गृह एवं पर्वतीय मामलों के अतिरिक्त मुख्य सचिव सदस्य होंगे. समिति घटना की विस्तृत जांच करेगी, जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाएगी."

स्टेडियम में अशांति और सुरक्षा चिंताओं के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने कथित तौर पर निर्धारित समय से पहले कोलकाता एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए और शेष कार्यक्रम रद्द कर हैदराबाद के लिए चले गए.

Lionel Messi Salt Lake Stadium chaos Messi Kolkata crowd

Recent News