मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ में दोस्ती के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी गांव में 28 वर्षीय बलवंत सिंह की हत्या उसके ही दो दोस्तों ने कथित तौर पर रंजिश के चलते कर दी. पुलिस के मुताबिक, विवाद की जड़ बलवंत की अपने दोस्तों की पत्नी और गर्लफ्रेंड से नजदीकी थी.
घटना 3 अगस्त की रात की बताई जा रही है. बलवंत घर से ट्यूबवेल पर पानी भरने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. अगले दिन यानी 4 अगस्त को उसका शव खेत की मेड़ के पास मिला. सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच में पुलिस को मृतक के दोस्तों विवेक सिंह उर्फ सिट्टू और देवेंद्र यादव पर शक हुआ. पुलिस के अनुसार, दोनों ने बलवंत को शराब पार्टी के बहाने ट्यूबवेल पर बुलाया, वहां उसे काफी शराब पिलाई गई. जब वह नशे में धुत हो गया तो दोनों ने बेसबॉल के डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया. पुलिस का दावा है कि हमले में उसकी मौत हो गई, इसके बाद आरोपियों ने बलवंत का मोबाइल निकालकर छिपा दिया.
पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. विवेक को गहनी गांव के ट्यूबवेल के पास और देवेंद्र को सेमराजपुर चट्टी के पास पकड़ा गया. पुलिस के मुताबिक, उनकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया टूटा हुआ बेसबॉल का डंडा भी बरामद हुआ है. दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.