लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की निर्मम हत्या की घटना पर उत्तर प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.
मायावती ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि युवक की हत्या अत्यंत निंदनीय है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की कि अपराधियों की तुरंत पहचान कर उन्हें सख्त कानूनी सजा दिलाई जाए. मायावती ने यह भी कहा कि चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सरकार को और अधिक सतर्क रहना चाहिए, वरना ऐसी घटनाओं के गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
घटना क्या थी?
28 मई (बकरीद) की शाम खोड़ा थाना क्षेत्र में सूर्या चौहान की पुराने परिचितों ने फोन पर बुलाकर चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी पुरानी रंजिश के चलते यह वारदात को अंजाम दिया गया. बसपा प्रमुख का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं.