Meerut News : मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में महिला नर्स अंजलि शर्मा की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. जागृति विहार सेक्टर-3 निवासी 25 वर्षीय अंजलि का शव गुरुवार दोपहर मेडिकल कॉलेज परिसर में मिलने से अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती पड़ताल में पता चला कि एक महिला ई-रिक्शा में शव को मेडिकल कॉलेज छोड़कर फरार हुई थी.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लिसाड़ी गेट निवासी सूफियान नाम के युवक का अंजलि से संपर्क था. आरोप है कि सूफियान ने अंजलि को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उस पर शादी तथा धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था. पुलिस के अनुसार जब अंजलि ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची. बताया जा रहा है कि लोहिया नगर इलाके में अंजलि का गला घोंटकर हत्या कर दी गई और बाद में शव को मेडिकल कॉलेज परिसर में फेंक दिया गया.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साजिदा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सूफियान की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि अंजलि पहले से शादीशुदा थी. वर्ष 2018 में उसकी शादी मेडिकल क्षेत्र निवासी सनी से हुई थी. दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है. पारिवारिक कारणों से अंजलि पिछले करीब एक साल से अपने भाई के साथ रह रही थी. वह मेडिकल कॉलेज के महिला वार्ड में नर्स के रूप में कार्यरत थी. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.