मेरठ में नाबालिग किशोरी का अपहरण, हरिद्वार के होटल में गैंगरेप, पानीपत से SWAT टीम ने की बरामदगी

Amanat Ansari 21 May 2026 03:24: PM 1 Mins
मेरठ में नाबालिग किशोरी का अपहरण, हरिद्वार के होटल में गैंगरेप, पानीपत से SWAT टीम ने की बरामदगी

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ गैंगरेप की जघन्य घटना सामने आई है. आरोपियों ने किशोरी को अगवा कर हरिद्वार ले जाया, होटल में रखकर गैंगरेप किया और फिर लावारिस छोड़कर फरार हो गए.

खबर के अनुसार, खरखौदा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी 24 अप्रैल को अपनी मां से मार खाने के बाद घर से नाराज होकर भाग गई थी. रास्ते में लालपुर और सेतुकुआं गांव के छह युवकों ने उसे अगवा कर लिया. आरोपियों ने पहले एक मकान में उसके साथ गैंगरेप किया, फिर उसे हरिद्वार ले जाकर होटल में रखा और वहां भी बलात्कार किया. इसके बाद किशोरी को हरिद्वार में ही लावारिस छोड़ दिया.

पानीपत के परिवार ने दी शरण

हरिद्वार में घूमती हुई किशोरी को पानीपत के हरिनगर निवासी एक मुस्लिम परिवार ने लावारिस हालत में देखा और उसे अपने घर ले गया. मेरठ पुलिस को किशोरी की गुमशुदगी 25 अप्रैल को दर्ज की गई थी. किशोरी की मां ने जब एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय से मदद मांगी, तब SWAT टीम ने मंगलवार रात पानीपत के हरिनगर से किशोरी को बरामद कर लिया. किशोरी को शरण देने वाले परिवार को भी पूछताछ के लिए मेरठ लाया गया.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

एसपी देहात अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने लालपुर और सेतुकुआं इलाके से दर्जनभर लोगों को हिरासत में लिया. किशोरी ने तीन आरोपियों की पहचान कर ली है. पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान कल (गुरुवार) पूरा करने की बात कही है. एसएसपी अविनाश पांडेय ने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना मेरठ जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर रही है.

Meerut Gang rape UP gang Rape Gang Rape Minor Girl Gang rape

Recent News