नई दिल्ली: बिहार के मुंगेर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. धरहरा थाना क्षेत्र के एक गांव में दो स्थानीय दबंग युवकों ने 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ जघन्य अपराध किया.
पुलिस के अनुसार, रविवार की शाम करीब 8 बजे लड़की अपने घर के मुख्य द्वार पर खड़ी थी, तभी गांव के ही दो युवक वहां पहुंचे. उन्होंने लड़की का हाथ पकड़ा और जबरन उसे घर से बाहर खींच लिया. विरोध करने और चिल्लाने की कोशिश पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और उसे पास के खेत में घसीटकर ले गए. वहां एक आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया, जबकि दूसरा मौके से भाग निकला.
अपराध के बाद आरोपियों ने पीड़िता और उसके परिवार को पुलिस में शिकायत करने से रोकने के लिए धमकियां दीं और पूरे परिवार को घर में ही कैद कर दिया. डर और दबाव के कारण परिवार कई घंटों तक अपने ही घर में बंद रहा.
सोमवार को परिवार ने हिम्मत जुटाकर पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया और पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है, जबकि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है.