रायबरेली: जगतपुर थाना क्षेत्र के छिछोरा गांव में एक किसान की मौत ने तहलका मचा दिया है. 19 मार्च को किसान सुरेश पटेल की अचानक मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर बैंक से करीब 5 लाख रुपये का लोन ले लिया. इसी सदमे से सुरेश पटेल की मौत हो गई.
परिवार ने पांच आरोपियों के खिलाफ जगतपुर थाने में तहरीर दी और FIR दर्ज कराई गई. परिवार का कहना है कि पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई. उल्टा, पुलिस ने मुख्य मामले में नाबालिगों को क्रॉस FIR में जोड़ दिया, जबकि यह केस BNSS की धारा 108 के तहत दर्ज है.
विधायक पल्लवी पटेल पहुंची मृतक के घर
सिराथू विधायक पल्लवी पटेल अचानक मृतक सुरेश पटेल के घर पहुंचीं. उन्होंने परिवार से गहरी संवेदना जताई और मृतक की पत्नी फूलमती से पूरे मामले की विस्तार से जानकारी ली. फूलमती ने बताया कि आरोपियों की अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे परिवार को न्याय की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही.
सख्त लहजे में SP से टकराई विधायक
विधायक पल्लवी पटेल ने तुरंत रायबरेली के पुलिस अधीक्षक रवि कुमार को उनके CUG नंबर पर फोन लगाया. सख्त स्वर में उन्होंने पूछा, ''पांच आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?'' SP ने जवाब दिया कि विवेचना चल रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. विधायक ने गुस्से में कहा, ''पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश क्यों कर रही है? नाबालिगों को क्रॉस केस में जोड़ा गया है, फिर भी मुख्य मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?''
SP ने फिर यही कहा कि जांच चल रही है. तब विधायक पल्लवी पटेल ने सख्त अल्टीमेटम देते हुए कहा, ''15 दिन का समय दे रही हूं एसपी साहब! अगर 15 दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो मैं खुद आपके कार्यालय पहुंचकर आंदोलन करूंगी.'' बातचीत के दौरान SP ने बीच में फोन काट दिया, जिस पर विधायक ने फिर फोन लगाकर नाराजगी जताई और कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए.
विधायक पल्लवी पटेल ने मृतक के परिजनों से बात करते हुए साफ कहा, ''अगर 15 दिन में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो मैं एसपी कार्यालय जाकर जरूरी कदम उठाऊंगी. जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा.'' अब देखना यह होगा कि रायबरेली पुलिस इस 15 दिन के अल्टीमेटम को कितनी गंभीरता से लेती है और परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है.