नई दिल्ली : दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली नोएडा की 15 वर्षीय लड़की का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. प्रधानमंत्री की ओर से सख्त कार्रवाई के बजाय माफी और मार्गदर्शन का संदेश दिए जाने के बाद लड़की की मां ने सार्वजनिक रूप से उनका आभार व्यक्त किया.
लड़की की मां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी बेटी को "जीवनदान" दिया है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करती हैं और उनसे अपील करती हैं कि उनकी बेटी का भविष्य संवारने में मदद करें. मां ने यहां तक कहा कि यदि संभव हो तो प्रधानमंत्री उनकी बेटी को गोद ले लें, ताकि उसका जीवन सही दिशा में आगे बढ़ सके.
यह मामला उस वायरल वीडियो के बाद सामने आया था, जिसमें नाबालिग लड़की विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती दिखाई दी थी. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की थी. बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसे बच्चों को सजा देने के बजाय सही रास्ता दिखाना अधिक जरूरी है और उन्होंने उन्हें माफ करने की बात कही.
इसके बाद लड़की ने भी सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी. उसने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा माफ किया जाना उसके लिए बहुत बड़ी बात है और वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी.
इस घटनाक्रम के बाद यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं, मां की भावुक अपील और प्रधानमंत्री के बयान को लेकर देशभर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.