कोलकाता : पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार बिक्रम साऊ अब डर के साये में जी रहे हैं. बिक्रम का आरोप है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. धमकी भरे फोन कॉल्स और व्हाट्सएप वीडियो कॉल्स आने के बाद पूरा परिवार दहशत में है.
बताया जा रहा है कि 19 अप्रैल को पीएम मोदी चुनावी सभा के बाद अचानक बिक्रम साऊ की दुकान पर रुके थे और उनके हाथ की बनी झालमुड़ी खाई थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद बिक्रम रातों-रात चर्चित हो गए, लेकिन यही लोकप्रियता अब उनके लिए मुसीबत बन गई है. बिक्रम का कहना है कि विदेशी नंबरों से कॉल कर उन्हें गंभीर अंजाम भुगतने और दुकान उड़ाने तक की धमकी दी जा रही है.
मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आए कॉल्स की जांच में जुट गई हैं. इलाके में भी इस घटना के बाद चिंता और डर का माहौल है.