नई दिल्ली/कोच्चि: मौसम विभाग (IMD) ने अच्छी खबर दी है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 2026 इस बार समय से पहले केरल पहुंचने वाला है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, मॉनसून 26 मई 2026 के आसपास केरल तट पर दस्तक दे सकता है, जो सामान्य तारीख (1 जून) से करीब 5-6 दिन पहले है. IMD की चेतावनी और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुरोध पर NDRF ने बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं.
NDRF की 8 टीमें केरल के 8 संवेदनशील जिलों, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलाप्पुझा, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, कोझिकोड और वायनाड में तैनात कर दी गई हैं. प्रत्येक टीम में 30 प्रशिक्षित रेस्क्यू कर्मी शामिल हैं. मॉनसून की शुरुआत जल्दी होने से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन बाढ़ और जलभराव से बचाव के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है.
IMD का पूरा पूर्वानुमान
तमिलनाडु में भी 4 NDRF टीमें तैनात की गई हैं, जबकि चेन्नई और अंडमान-निकोबार में अतिरिक्त टीमें तैयार रखी गई हैं. अरक्कोणम में 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो केरल के साथ निरंतर समन्वय में काम कर रहा है. आपदा प्रबंधन एजेंसियां 'जीरो कैजुअल्टी' के लक्ष्य के साथ हाई अलर्ट मोड पर हैं. आमजन से अपील है कि भारी बारिश के दौरान नदियों, नालों और कमजोर इलाकों से दूर रहें.