भोपाल: मध्य प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के लापता होने के मामले गंभीर चिंता का विषय बन गए हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
उन्होंने विधानसभा में सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2020 से 28 जनवरी 2026 तक प्रदेश में कुल 2 लाख 70 हजार से अधिक महिलाएं और लड़कियां गुमशुदा दर्ज हुईं. इनमें से बड़ी संख्या बरामद हो गई, लेकिन अभी भी 50 हजार से ज्यादा का कोई पता नहीं चल सका है.
पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी की लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा में लगातार गिरावट आई है. उन्होंने मानव तस्करी के सक्रिय होने की आशंका जताई और राज्य सरकार को केंद्र से सख्त निर्देश देने की अपील की ताकि प्रभावी कदम उठाए जा सकें.
इस मुद्दे पर उन्होंने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया, जिसमें कहा कि बहनों-बेटियों की सुरक्षा में सरकार की नाकामी स्पष्ट दिख रही है और यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है.