जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के खितौला थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया है. हिरन नदी के किनारे बने श्मशान घाट में एक युवक का आधा जला हुआ शव जलती चिता पर मिला है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है. शनिवार शाम करीब 5:30 बजे गांव में एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार हुआ था. परिजनों ने चिता को जलती हुई छोड़कर घर चले गए.
उसी रात खितौला गांव के 27 वर्षीय सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल करीब 3 बजे अचानक अपने घर से निकल गए. परिवार को उनकी खबर तक नहीं लगी. सुबह तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए और सुबह 6 बजे खितौला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई. इसके बाद परिवार और गांव वाले युवक की तलाश में निकले.
सुबह करीब 7 बजे कुछ ग्रामीण राख बटोरने श्मशान घाट पहुंचे. वहां उन्होंने जलती चिता पर एक व्यक्ति का आधा जला शव देखा. देखते ही सबकी रूह कांप गई. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को चिता से अलग किया और कब्जे में ले लिया. मृतक की पहचान स्थानीय युवक शुभम कोल के रूप में हुई. पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है.
मृतक मानसिक तनाव में था. हालांकि, अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही निकाला जाएगा. परिजनों ने बताया कि शुभम पास की एक दुकान में समोसे बनाने का काम करता था और उसकी दिनचर्या सामान्य थी. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर हैरानी है क्योंकि जलती चिता पर कोई व्यक्ति गिरे या लेटे तो आमतौर पर चीख-पुकार और बचने की कोशिश होती है, लेकिन यहां ऐसा कोई संकेत नहीं मिला.