Madhya Pradesh UCC: मध्य प्रदेश सरकार समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) लागू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए UCC की आधिकारिक वेबसाइट ucc.mp.gov.in लॉन्च कर दी है. इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य जनता से सीधे सुझाव और राय लेना है.
सरकार चाहती है कि कानून बनाते समय सभी वर्गों की बात सुनी जाए, ताकि यह सभी के लिए स्वीकार्य और संतुलित बने. आम नागरिक 15 जून 2026 तक इस वेबसाइट पर अपने विचार, सुझाव और फीडबैक दर्ज कर सकते हैं. सरकार इन सुझावों को गंभीरता से अध्ययन कर आगे की प्रक्रिया में शामिल करने की योजना बना रही है.
कार्यक्रम में शामिल हुईं सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज
इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई भी वर्चुअल रूप से जुड़ीं. वे UCC उच्च स्तरीय समिति की अध्यक्ष हैं और मसौदा तैयार करने में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं. समिति के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. यह पहल मध्य प्रदेश को UCC लागू करने वाले राज्यों की सूची में शामिल करने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है.