नई दिल्ली: बिहार के भागलपुर में गुरुवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के दो भतीजों के बीच गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना दो भाइयों के बीच मामूली विवाद के बाद हुई. इस दौरान दोनों भाइयों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलाईं.
घायल को भागलपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. नौगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने कहा, "हमें सूचना मिली कि जगतपुर गांव में आज सुबह करीब 7.30 बजे दो भाइयों ने एक-दूसरे को गोली मार दी. घटना में एक भाई घायल हो गया और दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई. मृतक का पोस्टमार्टम किया जा रहा है."
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के बस्तर में अलग-अलग मुठभेड़ों में 22 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद
एसपी ने कहा, "प्रथम दृष्टया, ऐसा लगता है कि पानी के नल को लेकर झगड़ा हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि उन्होंने एक-दूसरे पर गोली चला दी. दोनों व्यक्तियों की पहचान विश्वजीत और जयजीत के रूप में हुई है. त्वरित कार्रवाई की गई है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं. हमें जानकारी मिली है (कि दोनों व्यक्ति एक केंद्रीय मंत्री के रिश्तेदार हैं)."
यह भी पढ़ें: अमित शाह का ऐलान, ''31 मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त हो जाएगा भारत''
विवाद बढ़ने पर एक भाई ने दूसरे भाई पर गोली चला दी. गोली लगने के बाद घायल भाई ने बंदूक छीन ली और दूसरे भाई पर गोली चला दी. जानकारी के मुताबिक मृतक विश्वजीत और जयजीत दोनों नवगछिया के जगतपुर गांव में एक ही घर में रहते थे और खेतीबारी कर अपना जीवन यापन करता था.
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नल के पानी को लेकर दोनों में विवाद हो गया, जिसके बाद छोटा भाई जयजीत ने बड़े भाई विश्वजीत पर फायरिंग कर दी. जिसके बाद विश्वजीत ने वहीं बंदूक छीनकर जयजीत पर फायरिंग कर दी. इसी बीच अस्पताल ले जाते वक्त विश्वजीत की मौत हो गई, जबकि जयजीत का गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है.