महाराष्ट्र : नागपुर में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व स्कूल सहपाठी अयाज ताज मदारे पर रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन धर्मांतरण और लाखों रुपये की उगाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले में पुलिस ने अयाज ताज मदारे और उसके सहयोगी अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हजरत मौलाना नामक तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.
पीड़िता के अनुसार फरवरी 2025 में अयाज ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया और वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया. आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया. महिला का कहना है कि इस दौरान बनाए गए फोटो और वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया तथा उससे करीब 3 से 4 लाख रुपये वसूले गए.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे किसी तरल पदार्थ का सेवन कराता था, धार्मिक मंत्र पढ़ता था और कथित तौर पर सम्मोहन तथा काला जादू जैसी गतिविधियों के नाम पर उसका शोषण करता था. 31 मई को उसे एक धार्मिक अनुष्ठान में ले जाकर जबरन धर्मांतरण कराने और कबूल है कहलवाने का भी आरोप लगाया गया है.
इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला रोते हुए बार-बार मुझे छोड़ दो कहती सुनाई देती है, जबकि एक व्यक्ति उसके हाथ पकड़कर धार्मिक मंत्र पढ़ता नजर आता है. पुलिस ने वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया है और डिजिटल, वित्तीय व फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच जारी है. मामले में रेप, उगाही, धमकी, धर्मांतरण के प्रयास और महाराष्ट्र के काला जादू विरोधी कानून के तहत केस दर्ज किया गया है.