कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा सियासी दांव खेला है. बीजेपी ने नंदीग्राम सीट से हसिरानी रथ को अपना उम्मीदवार बनाया है. खास बात यह है कि हसिरानी रथ, शुभेंदु अधिकारी के पूर्व पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं. चंद्रनाथ रथ की पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के कुछ समय बाद हत्या कर दी गई थी. ऐसे में बीजेपी का हसिरानी रथ को टिकट देना राजनीतिक और भावनात्मक, दोनों नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है.
बीजेपी के इस फैसले के बाद नंदीग्राम की सियासत एक बार फिर गरमाने के आसार हैं. पार्टी ने टिकट के जरिए एक तरफ चंद्रनाथ रथ के परिवार को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया है, तो दूसरी तरफ इलाके में सुरक्षा और राजनीतिक हिंसा का मुद्दा भी चुनावी बहस के केंद्र में आ सकता है.
नंदीग्राम पश्चिम बंगाल की राजनीति में पहले से ही बेहद महत्वपूर्ण सीट रही है. शुभेंदु अधिकारी का इस इलाके से पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है. विधानसभा चुनाव के दौरान भी नंदीग्राम राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल रही थी. अब उपचुनाव में बीजेपी ने चंद्रनाथ रथ की मां को मैदान में उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है.
वहीं, बीजेपी ने रेजिनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए शाखारव सरकार के नाम का भी ऐलान किया है. यानी पार्टी ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुनावी तैयारी तेज कर दी है.
बीजेपी के उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही अब निगाहें सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस समेत दूसरे दलों के प्रत्याशियों पर हैं. नंदीग्राम में हसिरानी रथ की उम्मीदवारी के बाद मुकाबला सिर्फ चुनावी गणित तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि चंद्रनाथ रथ की हत्या और राजनीतिक हिंसा जैसे मुद्दे भी चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकते हैं.