अमरावती जिले के बडनेरा से निर्दलीय विधायक रवि राणा (Ravi Rana) ने पत्नी नवनीत राणा (Navneet Rana) को लेकर बड़ा दावा किया है और यह दावा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव (Maharashtra Assembly Election) को लेकर है. दरअसल, शुक्रवार को रवि राणा ने कहा कि उनकी पत्नी नवनीत राणा (Navneet Rana) महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन्हें राज्यसभा की सदस्यता दिलाने का आश्वासन दिया है. हालांकि इसे लेकर अभी BJP की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए रवि राणा ने कहा कि उनकी पत्नी, जो अमरावती से पूर्व लोकसभा सांसद हैं, राज्य चुनावों में भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेंगी, जो अगले महीने होने की संभावना है. मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है.
विधायक राणा ने कहा कि मुझे लगता है कि नवनीत राणा विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी. उन्होंने दावा किया है महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं ने लगातार कहा है कि उन्हें राज्यसभा भेजा जाएगा और मुझे लगता है कि उनके लिए यह ज्या उपयुक्त है.
बता दें कि नवनीत राणा को 2024 के लोकसभा चुनाव में अमरावती (एससी) सीट से कांग्रेस के बलवंत वानखड़े (Balwant Wankhede) ने हरा दिया था. नवनीत 2019 के आम चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर सीट जीती थी और 2024 में भाजपा में शामिल हो गई थीं. नवनीत राणा हिंदुत्व को लेकर लगातार चर्चाओं में रहती है. लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) के भाई अकबरुद्दीन को लेकर बयान दिया था, जो शोसल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
नवनीत राणा जब हैदराबाद में भाजपा प्रत्याशी माधवी लता (Madhavi Lata) के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंची थी, तो उन्होंने अकबरुद्दीन ओवैसी (Akbaruddin Owaisi) को लेकर अमर्यादित टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद अकबरुद्दीन ने भी पलटवार किया था और सिलसिला लोकसभा चुनाव खत्म होने तक जारी रहा था. हालांकि माधवी लता और नवनीत राणा दोनों चुनाव हार गईं थी.