आज महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के बाद नतीजे भी सामने आ गए. इस चुनाव में एनडीए की बंपर जीत हुई है और महाविकास अघाड़ी को जोर का झटका लगा है. बता दें कि आज विधान परिषद की 11 सीटों पर वोटिंग हुई थी, जिसमें 9 सीटों पर एनडीए को जीत मिली है. सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है.
मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि कांग्रेस के करीब 8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. चुनाव में बीजेपी के 5, एनसीपी अजित पवार के 2, शिवसेना शिंदे गुट के 2, शिवसेना उद्धव गुट के एक और कांग्रेस के एक उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है. बता दें कि यहां 11 सीटों के लिए चुनाव हुए थे, जिसके लिए 12 उम्मीदवार मैदान में थे और शत प्रतिशत वोटिंग हुई.
बता दें कि एनडीए ने 9 उम्मीदवार मैदान उतारे थे और सभी को जीत मिली है. एक प्रत्याशी को जीत के लिए 23 मतों की जरूरत थी. दावा किया जा रहा है कि एनसीपी अजीत पवार गुट ने कांग्रेस के पांच वोट तोड़ लिए. जबकि अजित पवार गुट के पास 42 वोट थे, लेकिन उसे 47 वोट मिले. बता दें कि शुक्रवार को 274 विधायकों में से सभी ने वोट किया था.
ज्ञात रहे कि मुंबई में भारी बारिश को देखते वोटिंग को टालने की बात कही गई थी, लेकिन फिर निर्णय लिया गया कि मतदान करा लिया जाए. वहीं बीजेपी के विधायक गणपत गायकवाड़ कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद वोट देने पहुंचे थे, कांग्रेस ने इसका विरोध किया और उन्हें वोट नहीं करने देने की मांग की थी, लेकिन महाराष्ट्र के मुख्य चुनाव अधिकारी से अनुमति मिलने के बाद उन्हें वोट देने दिया गया.