गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सोमवार देर 19 वर्षीय छात्र की पशु तस्करों ने मुंह में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को 4 किलोमीटर दूर ले गए और सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर बवाल और आगजनी करते हुए जाम कर दिया. भारी पुलिस बल के साथ जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं और स्थिति नियंत्रण में किया.
जानकारी के अनुसार देर रात करीब 12:30 बजे तीन गाड़ियों से पशु तस्कर गांव पहुंचे थे. वे मवेशियों को खूंटे से खोलकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया. आवाज सुनकर छात्र दीपक गुप्ता भी घर से बाहर निकला और तस्करों को रोकने की कोशिश की. आरोप है कि तस्करों ने दीपक को पकड़कर जबरन एक डीसीएम में बैठा लिया और साथ ले गए. करीब एक घंटे तक उसे वाहन में घुमाने के बाद तस्करों ने उसके मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर फेंक दिया. जब सुबह ग्रामीणों को छात्र का शव मिला तो आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने तस्करों की एक गाड़ी में आग लगा दी.
पुलिस पर हुआ पथराव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव करना शुरू कर दिया, इसमें SP नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह घायल हो गए. हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल और PAC को मौके पर बुलाया. हालांकि, मंगलवार सुबह तक गुस्सा शांत नहीं हुआ. ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड पर जाम लगा दिया. ग्रामीणों कि मांग है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे. प्रशासनिक अधिकारी लगातार लोगों को शांत कराने की कोशिश में जुटे रहे.
गांव में मातम
नीट की पढ़ाई कर रहा था छात्र
मृतक छात्र दीपक गुप्ता के घर पर कोहराम मचा हुआ है. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी सदमे में हैं. दीपक डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था और उसी के लिए मेहनत से नीट की पढ़ाई कर रहा था. पुलिस का कहना है कि तस्करों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी फोर्स तैनात की गई है.