यहूदियों के मुद्दे पर नेतन्याहू-ममदानी भिड़े, UN मंच से तीखा हमला

Amanat Ansari 25 Sep 2026 07:50 PM 1 Mins
यहूदियों के मुद्दे पर नेतन्याहू-ममदानी भिड़े, UN मंच से तीखा हमला

वाशिंगटन: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है. संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान नेतन्याहू ने ममदानी पर सीधा निशाना साधा और उन्हें ‘यहूदी विरोधी’ करार दिया. नेतन्याहू ने कहा, ''मिस्टर ममदानी, जब से आप इस शहर के मेयर चुने गए हैं, कई यहूदी अब न्यूयॉर्क में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते.

वे मुझसे बात करते हैं और कहते हैं कि यह वह शहर नहीं रहा जिसे हम याद करते हैं.'' उन्होंने ममदानी पर आरोप लगाया कि उन्होंने उन्हें न्यूयॉर्क आने से रोकने और चुप कराने की कोशिश की. नेतन्याहू ने साफ कहा, ''आप मुझे चुप नहीं करा सकते. आप सच को चुप नहीं करा सकते.''

गाजा में इजरायल पर लगाए जा रहे ‘नरसंहार’ के आरोपों को खारिज करते हुए नेतन्याहू ने कहा, ''इजरायल ने नरसंहार नहीं किया, इजरायल ने नरसंहार को रोका. यह 21वीं सदी का सबसे बड़ा झूठ है.'' उन्होंने ममदानी पर हमास से जुड़े लोगों से संबंध रखने और तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने का भी आरोप लगाया.

इसके जवाब में मेयर ममदानी ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि नेतन्याहू ने अपने भाषण में फिलिस्तीनियों के खिलाफ कार्रवाई को सही ठहराने के लिए बेबुनियाद झूठ दोहराए. ममदानी ने दोहराया कि नेतन्याहू अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के अटक वारंट के अधीन हैं, जिसमें उन पर युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप हैं.

यह विवाद जुलाई में भी सुर्खियों में था, जब ममदानी ने एक वीडियो में नेतन्याहू को ‘युद्ध अपराधी’ बताया था और अमेरिकी सरकार से ICC वारंट लागू करने की मांग की थी. नेतन्याहू ने तब भी ममदानी पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया था. दोनों नेताओं के बीच यह तीखा आरोप-प्रत्यारोप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

Israeli Prime Minister Benjamin Netanyahu New York Mayor Zohran Mamdani

Recent News