मौसम विभाग का नया अपडेट: 7 से 9 दिसंबर तक इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट...

Amanat Ansari 06 Dec 2025 09:43: PM 1 Mins
मौसम विभाग का नया अपडेट: 7 से 9 दिसंबर तक इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट...

नई दिल्ली: इस बार का मानसून देश के लिए किसी वरदान से कम नहीं रहा. जून से सितंबर तक हुई रिकॉर्ड बारिश ने ज्यादातर बांध, तालाब और नदियां लबालब कर दीं. मानसून विदा हो चुका है, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है. अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मौसम फिर करवट लेने वाला है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7, 8 और 9 दिसंबर के लिए कई राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन तीन दिनों में सबसे ज्यादा असर केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, पुडुचेरी और माहे, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में दिखेगा.

हिमाचल और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में तेज हवाओं के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है. केरल और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज होने की संभावना है. वहीं उत्तर भारत में ठंड अब पूरी तरह दस्तक देने वाली है. राजस्थान के कई हिस्सों और दिल्ली-NCR में 7 से 9 दिसंबर तक रात का पारा तेजी से लुढ़केगा.

सुबह-शाम घना कोहरा छाने और दिन में भी ठिठुरन बढ़ने का अनुमान है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री तक गिर सकता है. कुल मिलाकर आने वाले तीन दिन देश के दक्षिणी और उत्तरी दोनों छोर पर मौसम के अलग-अलग अलग रंग दिखाएंगे. एक तरफ बादल जमकर बरसेंगे, दूसरी तरफ सर्द हवाएं रफ्तार पकड़ेंगी.

Climate change Cold wave Heavy rain Weather

Recent News