नीतीश कुमार ने रचा इतिहासः दसवीं बार बने बिहार के मुख्यमंत्री, कौन-कौन बने मंत्री?

Amanat Ansari 20 Nov 2025 12:47: PM 1 Mins
नीतीश कुमार ने रचा इतिहासः दसवीं बार बने बिहार के मुख्यमंत्री, कौन-कौन बने मंत्री?

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की शानदार जीत के बाद आज जनता दल (यूनाइटेड) के सर्वेसर्वा नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राजभवन के बजाय इस बार शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसमें हजारों कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए.

नीतीश कुमार के साथ इस बार दो उपमुख्यमंत्रियों ने भी शपथ ली:

  • सम्राट चौधरी (भाजपा)
  • विजय कुमार सिन्हा (भाजपा)

नई कैबिनेट में कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया. इनमें भाजपा कोटे से 14, जदयू से 8, लोजपा (रामविलास) से 2, हम से 1 और रालोम से 1 मंत्री शामिल हैं.

नई कैबिनेट के प्रमुख नाम, भाजपा कोटे से: मंगल पांडेय, नितिन नवीन, दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार आदि. जदयू कोटे से: विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान. अन्य: संजय पासवान व संजय सिंह (लोजपा-रा), संतोष सुमन (हम), दीपक प्रकाश (रालोम).

प्रधानमंत्री मोदी सहित कई बड़े नेता रहे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मौजूद रहे. उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी समेत कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे. राज्यों के मुख्यमंत्रियों में योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), मोहन यादव (मध्य प्रदेश), देवेन्द्र फडणवीस (महाराष्ट्र) समेत कई बड़े चेहरे शामिल हुए.

समारोह में सांसद व भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी और नवनिर्वाचित विधायक व गायिका मैथिली ठाकुर ने बिहार की लोक संस्कृति झलकाते हुए जट-जटिन, सामा-चकेवा, झिझिया जैसे पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए.

नीतीश के दस शपथ ग्रहण की तारीखें

3 मार्च 2000

24 नवंबर 2005

26 नवंबर 2010

22 फरवरी 2015

20 नवंबर 2015

27 जुलाई 2017

16 नवंबर 2020

10 अगस्त 2022

28 जनवरी 2024

20 नवंबर 2025

इस तरह नीतीश कुमार अब भारत के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. यह भारतीय राजनीति के इतिहास में अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड है.

Nitish Kumar Bihar oath ceremony PM Modi Nitish oath

Recent News