उत्तर प्रदेश के बदायूं में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET 2026) में कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में देरी हुई, जिसके कारण कई अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके और उनकी परीक्षा छूट गई। परीक्षा छूटने का मुख्य कारण भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य का शक्ति प्रदर्शन बताया जा रहा है।
नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य के पहली बार बदायूं आगमन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे इलाके में भव्य यात्रा निकाली। यह यात्रा बरेली के लाल फाटक से शुरू होकर बदायूं के आर.के. रिसॉर्ट तक पहुंची, जहां एक विशाल जनसभा का भी आयोजन किया गया था।
इस कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा का भी आयोजन था। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष की भव्य रैली के कारण आसपास के क्षेत्रों में भारी जाम लग गया, जिसके चलते परीक्षा के अभ्यर्थियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि कई अभ्यर्थियों की परीक्षा भी छूट गई।
ऐसे में समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने एक्स (X) के माध्यम से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पर तंज कसा है। उनका कहना है कि भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम के कारण शहर में भीषण जाम लगा, जिसके चलते कई अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। इसके लिए उन्होंने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने सरकार से अपील की है कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई है, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही किसी भी प्रतियोगी परीक्षा के दिन राजनीतिक कार्यक्रमों, रैलियों या रोड शो के आयोजन की अनुमति न दी जाए।