भीषण गर्मी के चलते नीतीश कुमार ने सभी स्कूल बंद करने के दिए निर्देश, 8 जून तक बंद रहेंगे स्कूल

Global Bharat 29 May 2024 08:03: PM 2 Mins
भीषण गर्मी के चलते नीतीश कुमार ने सभी स्कूल बंद करने के दिए निर्देश, 8 जून तक बंद रहेंगे स्कूल

बिहार के विभिन्न स्कूलों में छात्रों के बेहोश होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा एक्शन लेते हुए राज्य के सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा को निर्देश जारी किया है. साथ ही सीएम ने बीमार पड़े बच्चों को लेकर चिंता भी जाहिर की है.  मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं.

बता दें कि आज ही शिक्षा विभाग ने आठवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए स्कूलों का समय सुबह 10 बजे तक करते हुए मिशन दक्ष और विशेष कक्षाओं के नाम पर शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों को कोई राहत नहीं देने का आदेश दिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य के मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिया कि सभी तरह के स्कूल, कोचिंग और शिक्षण संस्थान 8 जून तक पूर्ण रूप से बंद रखे जाए.

इसके साथ ही शिक्षा विभाग को पीत पत्र के बदले में जारी होने वाला आदेश मुख्य सचिव की ओर से जारी किया गया. इसमें भी मुख्यमंत्री के आदेश की जानकारी दी गई, ताकि शिक्षा विभाग अपने अपर मुख्य सचिव के आदेश के हवाले से कुछ और आदेश न जारी कर दे.

सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया गया है कि उनके जिले में 8 जून तक सरकारी विद्यालय, प्राइवेट स्कूल, कोचिंग या ऐसे शिक्षण संस्थान पूर्णत: बंद रहे. बता दें कि बिहार में स्कूल चलने की वजह से छात्र बीमार पड़ने लगे थे, जिसके बाद राज्य सरकार पर दबाव था कि वह बड़ा फैसला लें.

वहीं भीषण गर्मी पड़ने की वजह से बेगूसराय में 18 छात्राएं बीमार पड़ गई थीं और शेखपुरा में 24 छात्राएं बेहोश हो गई थी. बता दें कि बिहार वासियों को उमस भरी गर्मी से अभी राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग की ओर से अगले दो जून तक का पूर्वानुमान जारी किया गया है. अगले तीन दिनों तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है. इसको लेकर विभाग की ओर से लोगों को अलर्ट किया गया है.

वहीं उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादल के साथ 31 मई तक मौसम आमतौर पर सूखा रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 1-2 जून के आसपास मैदानी भागों के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदा-बांदी होने का अनुमान है.

बिहार में सबसे ज्यादा गर्मी मंगलवार औरंगाबाद, गया और डेहरी में देखने को मिला है. सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में दर्ज किया गया. औरंगाबाद में 47.7 डिग्री तापमान से लोग मंगलवार दिनभर परेशान रहे. औरंगाबाद में मंगलवार को रिकॉर्ड तोड़ तापमान देखने को मिला.

गर्म पछुआ हवा के साथ दक्षिण बिहार के जिलों में मंगलवार को आसमान से पानी की जगह आग बरसा. मंगलवार को औरंगाबाद में सबसे गर्म दिन रहा. गया में 46.8, अरवल में 46.9, सासाराम में 46.5, पटना में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.

Recent News