नीतीश 10वीं बार सीएम, सम्राट-विजय फिर डिप्टी सीएम, 20 नवंबर को गांधी मैदान में शपथ

Amanat Ansari 19 Nov 2025 02:18: PM 1 Mins
नीतीश 10वीं बार सीएम, सम्राट-विजय फिर डिप्टी सीएम, 20 नवंबर को गांधी मैदान में शपथ

नई दिल्ली: बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार का खाका लगभग तैयार हो चुका है. बुधवार को हुए विधायक दल के चुनावों ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया.जदयू की बैठक में एक स्वर से नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री बनाने का फैसला हुआ. पार्टी ने 2025 के विधानसभा चुनाव में 85 सीटें जीती हैं.

20 नवंबर को गांधी मैदान में होने वाले शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार करीब 20 मंत्रियों और दोनों डिप्टी सीएम के साथ शपथ लेंगे. 

बीजेपी विधायक दल की अलग बैठक में सम्राट चौधरी को नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया. इससे साफ हो गया है कि दोनों नेता फिर से उपमुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे. तारापुर से जीते सम्राट चौधरी और लखीसराय से लगातार पांचवीं बार जीते विजय सिन्हा की जोड़ी को पहले ही यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने “हिट एंड फिट” करार दे दिया था.

20 नवंबर 2025 को नीतीश कुमार ठीक उसी तारीख को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिस तारीख को साल 2015 में उन्होंने अपनी पांचवीं पारी शुरू की थी. 3 मार्च 2000 से शुरू हुआ उनका मुख्यमंत्री सफर अब दसवें पड़ाव पर पहुंच रहा है.

बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार सत्ता में वापसी कर रही है, और इस बार रिकॉर्ड बहुमत के साथ. 20 नवंबर को गांधी मैदान में होने वाला शपथ समारोह बिहार की राजनीति का नया अध्याय लिखेगा.

Nitish Kumar Samrat Choudhary Vijay sinha Bihar CM

Recent News