Nuh Braj Mandal Yatra: एडवाइजरी जारी, चप्पे-चप्पे पर रखी जा रही नजर

Global Bharat 21 Jul 2024 01:58: PM 3 Mins
Nuh Braj Mandal Yatra: एडवाइजरी जारी, चप्पे-चप्पे पर रखी जा रही नजर

22 जुलाई को नूंह में क्या होने वाला है, मंदिर के हर रास्ते की निगरानी, पहाड़ पर कमांडो, अभेद्य किले में क्यों बदला मेवात?

22 जुलाई को नूंह में ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी. पिछले साल की तरह इस साल कोई हिंसा ना हो, इसे लेकर हरियाणा पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है. यात्रा रूट पर जगह-जगह वाहनों की चेकिंग की जा रही है. यात्रा पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन का इस्तमेला किया जाएगा. साथ ही सरकार की तरफ से एडवाइजरी भी जारी की गई है.

22 जुलाई को हरियाणा के नूंह जिले में ऐसा क्या होने वाला है, जिसकी तैयारी पुलिस लंबे वक्त से कर रही है. न मोदी का दौरा होना है, न हरियाणा में चुनाव होना है, फिर CRPF कमांडो, RPF जवान और हरियाणा पुलिस के स्पेशली ट्रेंड कमांडो की ड्यूटी क्यों लगाई जा रही है. खुद आईजी संजय कुमार सीआईडी चीफ आलोक मित्तल नूंह का दौरा कर रहे हैं, क्या नूंह में कुछ बड़ा होने वाला है.

जब हमने ये पता करने की कोशिश की तो पता चला कि हिंदूवादी नेता बिट्टू बजरंगी की निगरानी में एसपी ने दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर लगा रखे हैं, जो हर वक्त बिट्टू के साथ चल रहे हैं. स्थानीय विधायक मामन खान जिले से बाहर हैं और ख़बर है कि 21 जुलाई के बाद ही वापस लौटेंगे. तो सवाल है कि 21 जुलाई का डर विधायक से लेकर पुलिस के आला अधिकारियों तक को क्यों सत्ता रहा है. तो इसकी वजह है 31 जुलाई 2023 की घटना.


ये तस्वीरें 31 जुलाई 2023 की है, नूंह के नल्हड़ शिव मंदिर में ब्रजमंडल यात्रा पहुंचती है, वहां से फिरोजपुर झिरका मंदिर के लिए जैसे ही हजारों की संख्या में लोग निकलते हैं, पथराव शुरू हो जाता है. दो से ढाई हजार लोग मंदिर में शरण लेते हैं, बाहर सड़कों पर हालत आउट ऑफ कंट्रोल हो गई, जिसे जो हाथ आया, गाड़ियां, ठेले, घर, दुकान, मकान सब या तो खाक हो गए या फिर उन्हें तोड़ दिया गया.

नूंह से ये ख़बर जैसे-जैसे दूसरे जिलों में पहुंची, वहां भी माहौल बिगड़ने लगा. आईजी ममता सिंह ने ग्राउंड पर उतकर मोर्चा संभाला, तब जाकर हालात काबू में आए, 61 एफआईआर में 450 आरोपियों के नाम दर्ज हुए, जिनमें बड़े नाम थे स्थानीय कांग्रेस विधायक मामन खान, जिनपर UAPA जैसी गंभीर धारा लगी.

34 दिन जेल में रहने के बाद 18 अक्टूबर को जमानत पर बाहर आए और फिलहाल एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वो जिले से बाहर हैं. उनकी लीगल टीम ने ये सलाह दी है कि 22 जुलाई 2024 को जब ब्रजमंडल यात्रा पूरी हो जाए तभी जिले में कदम रखना.

हिंदूवादी नेता बिट्टू बजरंगी, जिन पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप लगे, यात्रा से पहले कहा था तुम्हारा जीजा आ रहा है, माहौल खराब होने के बाद पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा तो तस्वीर वायरल हुई, फिलहाल बिट्टू जमानत पर है और इस बार यात्रा में शामिल होने की तैयारी में है.

गोरक्षक मोनू मानेसर ऊर्फ मोहित यादव, ये भी लोगों को भड़काने का आरोपी है. इस मामले में मोनू को जमानत मिल गई है, लेकिन राजस्थान के नासिर-जुनैद मामले में जेल में बंद है.

इन तीनों के अलावा अशोक बाबा का नाम भी खूब चर्चा में रहा था, अशोक का एक वीडियो वायरल हुआ था, पर FIR में नाम नहीं आया. पेश से वकील अशोक ने दलील दी मैंने सेल्फ डिफेंस में ऐसा किया और इस बार की यात्रा की तैयारी में हैं. 22 जुलाई को इस बार नल्हड़ मंदिर तक यात्रा पहुंचने वाली है, जिसे लेकर नूंह के एसपी विजय प्रताप ने सख्त आदेश दिए हैं.

22 जुलाई को पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी. पिछले साल की तुलना में इस बार पुलिस बल अधिक रहेगा. इस बार नल्हड़ मंदिर के पहाड़ पर भी पुलिस के जवान तैनात होंगे. पुलिस इस बार किसी भी कमी के मूड नहीं है. यात्रा के लिए भी गाइड लाइन जारी की गई है. जहां से जलाभिषेक के यात्री एंट्री करेंगे तो उन पर पूरी निगरानी रहेगी. हरियाणा पुलिस के जवान, आरपीएफ, सीआरपीएफ और कमांडो मुस्तैद होंगे.

यानी नूंह के नल्हड़ मंदिर के आसपास अभेद्य किले जैसी सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है. पिछली बार की घटना के बाद लोकल इंटेलिजेंस यूनिट पर भी सवाल उठे थे, जिसके बाद इस बार आईबी के अधिकारी खुद मोर्चा संभालेंगे, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो. उसके बावजूद किसी ने कानून व्यवस्था तोड़ने की कोशिश की तो उसका क्या अंजाम होगा ये पिछले साल की बुलडोजर वाली तस्वीर देख लीजिए. 

Recent News