बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब का कहर! एक युवक की संदिग्ध मौत, कई अन्य बीमार

Amanat Ansari 18 Apr 2026 12:53: PM 1 Mins
बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब का कहर! एक युवक की संदिग्ध मौत, कई अन्य बीमार

मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक बार फिर अवैध शराब ने लोगों की जान पर बनाई. गोविंदपुर टिकैता गांव में तुरकौलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक की अचानक मौत हो गई. मृतक की पहचान बनारसी शाह के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बनारसी शाह ने अपने कुछ साथियों के साथ शराब पी थी. थोड़ी देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई.

घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी मिली है कि शराब पीने वाले अन्य लोगों में भी उल्टी, चक्कर और कमजोरी जैसे लक्षण नजर आए. कई लोग बीमार पड़ गए, जिससे जहरीली शराब होने का संदेह और मजबूत हो गया है.

हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी. अवैध शराब की खेप जब्त कर ली गई है. मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि असली कारण सामने आ सके. साथ ही अन्य साथियों की तलाश भी जारी है.  

बिहार में अवैध और जहरीली शराब से जुड़े हादसे कोई नई बात नहीं है. हाल के वर्षों में मोतिहारी सहित पूर्वी चंपारण क्षेत्र में कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है. कुछ मामलों में पीड़ितों की आंखों की रोशनी भी चली गई थी. प्रशासन और पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. 

Bihar Liquor scandal Motihari Bihar news