venezuela earthquake : दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने मानवीय सहायता का हाथ बढ़ाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूकंप से हुई तबाही पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि भारत संकट की इस घड़ी में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और हर संभव मदद के लिए तैयार है.
वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है. राजधानी
समेत कई इलाकों में इमारतें ढह गईं, सड़क और परिवहन ढांचा प्रभावित हुआ तथा बड़ी संख्या में लोग मलबे में फंस गए. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है और 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
सूत्रों के अनुसार भारत राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए एनडीआरएफ जैसी विशेषज्ञ एजेंसियों की सहायता उपलब्ध कराने पर विचार कर रहा है. ऐसी टीमों के पास एडवांस सर्च एंड रेस्क्यू उपकरण, मेडिकल सहायता सामग्री और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ होते हैं, जो मलबे में फंसे लोगों को निकालने और राहत कार्यों को तेज करने में मदद कर सकते हैं. हालांकि भारत सरकार की ओर से एनडीआरएफ टीम भेजने की आधिकारिक विस्तृत घोषणा का इंतजार है.
भारत पहले भी तुर्किये और सीरिया में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान ऑपरेशन दोस्त चलाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मानवीय भूमिका निभा चुका है. अब वेनेजुएला में आई इस आपदा के बीच भी भारत ने सहयोग का संदेश देकर वैश्विक मानवीय प्रतिबद्धता को दोहराया है.