पटना : बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई. कांग्रेस कार्यालय के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद धक्का-मुक्की, मारपीट और पथराव जैसी स्थिति बन गई. इस दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी फैल गई.
जानकारी के अनुसार, यह विवाद एक दिन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के बाहर कांग्रेस द्वारा किए गए धरने के विरोध में शुरू हुआ. BJP कार्यकर्ताओं ने इस धरने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन निकाला और कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक पहुंच गए. वहीं पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया. हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामे के दौरान कई गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी गंभीर घायल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
इस घटना के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. दोनों दल एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा रहे हैं. प्रशासन ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.