नई दिल्ली: शनिवार को पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ का चुनाव होने वाला है. उससे पहले एक लड़की सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रही है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि 29 मार्च सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान कराया जाएगा. इसे लेकर विभिन्न कॉलेजों में 42 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. इस बार पटना विश्वविद्यालय के 19059 छात्रा वोटिंग करने वाले हैं.
विश्वविद्याय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सभी कॉलेज के पदाधिकारियों को चुनाव की जानकारी दे दी गई है. विवि प्रशासन ने शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल प्रदान करने के बात कही है. सुरक्षा को देखते हुए पटना पुलिस की टीम लगातार विश्वविद्यालय में गश्त कर जायजा ले रही है. मतदान के वक्त भी अतिरिक्त बलों की तैनाती की बात कही जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके.
इसी बीच एक लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है. दरअसल, बुधवार को मगध महिला कॉलेज में दो छात्र संगठनों के बीच मारपीट हो गई थी. इस दौरान महासचिव पद की निर्दलीय उम्मीदवार सलोनी राज के समर्थकों के साथ मारपीट की बात कही गई. जिसके बाद सलोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो गया.
वीडियो में सलोनी हमलावरों से कह रही है दम है तो सामने आकर मेरे सीने पर गोली ठोको, लड़की है तो कमजोर मत समझना. जानकारी मिली है कि मगध महिला कॉलेज में छात्र नेता बुधवार को चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे. तभी दो गुटों में झड़प हो गई. अचानक हुई इस घटना के बाद कॉलेज में हंगामा खड़ा हो गया है. छात्रों ने एक दूसरे के साथ धक्का मुक्की की.
इस घटना के बाद निर्दलीय उम्मीदवार सलोनी राज रोते हुए दूसरे संगठनों के समर्थकों को चेतावनी दे रही हैं. वीडियो में वह आवाज में कह रही हैं कि जो भी ऐसा किया है ना, मेरे मुंह पर गोली चलाओ, हम ओपन चैलेंज देते हैं, मेरे सामने गोली ठोको, लड़की हैं तो कमजोर समझ लिए हो, निर्दलीय लड़कर हमने जो किया वो संगठन वाले नहीं कर पाए. एक लड़की अपने दम पर जीतना चाह रही है, तो तुम लोगों को मिर्ची लगी है क्या? सीना ठोक कर बोलते हैं कि गोली चलाकर जाओ, हम नहीं रुकेंगे.