Delhi Elections: केजरीवाल को करार जवाब देगी दिल्ली की जनता : तरुण चुघ

Global Bharat 13 Dec 2024 08:29: AM 3 Mins
Delhi Elections: केजरीवाल को करार जवाब देगी दिल्ली की जनता : तरुण चुघ

दिल्ली में चुनाव की सुगबुगाहट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है. इसी कड़ी में भाजपा ने घर-घर जाकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने यह जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली है. 

तरुण चुघ ने गुरुवार को मीडिया से कहा, ''आज बीजेपी ने इस अभियान की शुरुआत की है. इसके तहत भारतीय जनता पार्टी के लगभग 51 हजार प्रमुख कार्यकर्ताओं के घर पर पार्टी का ध्वज और उनके घर पर मोदी जी के नाम के साथ नेम प्लेट लगाने का अभियान शुरू हुआ है और यह अभियान हर बूथ पर तीन कार्यकर्ता, हर शक्ति केंद्र, प्रमुख समिति के सदस्यों, जिला समिति के सभी सदस्य और पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं के घर पर लगाई जाएगी. मुझे पूरा विश्वास है कि आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जी के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान दिल्ली की जनता की समस्याओं को हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.''

दिल्‍ली सरकार पर निशाना साधते हुए तरुण चुघ ने कहा, ''इस अभियान के तहत भाजपा का कार्यकर्ता गली-गली में खड़ा होगा और दिल्ली की जनता के सामने खड़ा होकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा. दिल्ली की जनता पिछले 11 साल से केजरीवाल के शासन से त्रस्त है. केजरीवाल के पास बताने को कुछ नहीं है कि उन्होंने पिछले 11 साल में क्या किया. उनके शासन में दिल्ली गैस चैंबर बन गई, यमुना नदी विषैली हो गई, जल संकट बढ़ा, विकास पर ध्यान नहीं दिया गया, आयुष्मान योजना से लोग वंचित रहे और हमारी दिल्ली की जनता केजरीवाल के शासन से पीड़ित रही.

''यह वही आम आदमी पार्टी है, जो कल तक कहती थी कि वे लाल बत्ती नहीं लेंगे, कोठी नहीं लेंगे, तनख्वाह नहीं लेंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस वाली सरकार बनाएंगे. आज वही पार्टी भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी हुई है और अदालत तक ने कह दिया कि केजरीवाल मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष के रूप में भ्रष्ट हैं. उन्होंने दिल्ली की जनता को लूटा है. जब न्यायालय ऐसी टिप्पणियां कर रहा है, तो यह स्थिति और भी शर्मनाक हो जाती है.''

उन्होंने कहा, ''केजरीवाल धोखाधड़ी और जालसाजी के केस में जेल गए, लेकिन फिर भी सत्ता के लोभ में दिखावा करते रहे कि वे सत्याग्रह के कारण जेल गए. दिल्ली की जनता को शराब घोटाले में फंसाया, उनका पैसा लूटा और गोवा में पार्टी के विस्तार में खर्च किया.''

उन्होंने कहा कि "लूट खसोट के बादशाह" केजरीवाल को आज दो राज्यों की पुलिस चाहिए, जेल में होने पर उन्हें रेड कार्पेट चाहिए, सरकारी निवास चाहिए, नहीं तो सांसद की कोठी चाहिए. इन सब बातों से साफ है कि दिल्ली की जनता का मोह केजरीवाल से टूट चुका है. अब दिल्ली की जनता कह रही है कि फेयरवेल पार्टी का समय आ गया है, 11 साल का हिसाब दो या गद्दी छोड़ो.

केजरीवाल के महिलाओं को एक हजार रुपये देने के ऐलान पर उन्होंने कहा, ''अब तक वह यह बताने को तैयार नहीं हैं कि यह पैसा आएगा कहां से, और कैसे दिया जाएगा. यह सिर्फ एक झुनझुना है जिसे दिल्ली की जनता के हाथ में पकड़ाने का प्रयास किया जा रहा है. दिल्ली की जनता अब इस झुनझुने को नहीं अपनाने वाली है.''

''केजरीवाल ने महिलाओं के लिए सुरक्षा का वादा किया था, दिल्ली में बसों में गार्ड लगाने का वादा किया था, दिल्ली को साफ-सुथरा करने का वादा किया था. लेकिन आज स्थिति यह है कि निगम कर्मचारियों को तनख्वाह तक नहीं दी जा रही है. यही वह सरकार है, जिसने विकास को रोक रखा है. दिल्ली की जनता उन्हें करारा जवाब देने वाली है.''

सांसद योगेन्द्र चंदोलिया ने कहा, ''भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने दिल्ली में संगठन के विस्तार के लिए बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली में 13,800 बूथ हैं, जिनमें से प्रत्येक बूथ पर तीन सत्यापित कार्यकर्ता हैं. बूथ अध्यक्ष, बालक और बीएलए 2, शक्ति केंद्र अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला के पदाधिकारी, और हमारे सांसद और विधायक भी इसमें शामिल हैं. इन कार्यकर्ताओं के घरों पर पार्टी का नाम प्लेट लगाना मेरे लिए गर्व की बात है.

''मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमारे राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ जी इस अभियान का हिस्सा बने हैं. पार्टी के हर कार्यकर्ता को यह अहसास दिलाना बेहद जरूरी है कि वे पार्टी की रीढ़ हैं, उनकी मेहनत पार्टी की ताकत है. दिल्ली में अगले तीन दिन में 51 हजार घरों पर पार्टी का झंडा और नाम प्लेट लग जाएगा. यह अभियान दिल्ली में भाजपा की मजबूती को और बढ़ाएगा. दिल्ली का समय बदल चुका है, और भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में सरकार बनाएगी.''

delhi elections 2025 delhi election 2025 delhi assembly election 2025

Description of the author

Recent News