चंडीगढ़: पंजाब के संगरूर में भाजपा दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया गया. सुबह करीब 3 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल से भरी बोतल फेंकी, जिससे दफ्तर की बाहरी दीवार पर आग लग गई. घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन BJP ने इसे "पूर्व नियोजित साजिश" बताया है.
संगरूर पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. एसपी दिवेंद्र अत्री ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने AAP सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "मुख्यमंत्री के गृह जिले में BJP दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमला, यही है आपका 'रंगला पंजाब'?"
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ऐसी कायरतापूर्ण हरकतों से नहीं डरेंगे. यह घटना पंजाब में बढ़ते राजनीतिक तनाव को दर्शाती है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. यह पहली बार नहीं है, जब बीजेपी को निशाना बनाया गया हो, इससे पहले भी कई बार बीजेपी से जुड़े नेताओ पर जानलेवा हमले हो चुके हैं.