प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं विदेश में बैठकर देश का "अपमान" करने का आरोप लगाया है. PM मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर उनके हालिया अमेरिकी दौरे के दौरान केंद्र सरकार की आलोचना करने वाले भाषण के लिए अप्रत्यक्ष रूप से हमला किया. महाराष्ट्र के वर्धा में राष्ट्रीय प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कार्यक्रम (PM Vishwakarma Yojana) में अपने संबोधन के दौरान PM मोदी ने कहा कि आज की कांग्रेस में देशभक्ति की भावना खत्म हो गई है.
आज की कांग्रेस में नफरत का भूत घुस गया है. विदेशी धरती पर कांग्रेस के लोगों की भाषा देखिए, उनका देश विरोधी एजेंडा, समाज को तोड़ने की बात करना, देश की संस्कृति का अपमान करना - ये वो कांग्रेस है जिसे 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' और 'अर्बन नक्सल' के लोग चला रहे हैं. इसे गणेश पूजा से भी दिक्कत है. हमने देखा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने गणेश प्रतिमा को पुलिस वैन में कैसे बिठाया.
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस का मतलब झूठ, धोखा और बेईमानी है. उन्होंने तेलंगाना में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन अब किसान अपना कर्ज माफ करवाने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं. आज वो पुरानी कांग्रेस नहीं रही. आज अगर देश में सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी कोई है तो वो कांग्रेस पार्टी है. अगर देश में सबसे भ्रष्ट परिवार कोई है तो वो कांग्रेस का राजपरिवार है.
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पार्टी (Congrss Party) पर "जानबूझकर" कमजोर समूहों को आगे नहीं बढ़ने देने का आरोप लगाया और कहा कि एनडीए सरकार (NDA Government) ने इस "पिछड़े विरोधी" सोच को खत्म कर दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने जानबूझकर एससी, एसटी और ओबीसी लोगों को आगे नहीं बढ़ने दिया. हमने सरकारी व्यवस्था से कांग्रेस की इस दलित विरोधी और पिछड़ा विरोधी सोच को खत्म कर दिया है.
पिछले साल के आंकड़े बताते हैं कि एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय विश्वकर्मा योजना का लाभ उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर पिछली सरकारों ने विश्वकर्मा भाइयों का ध्यान रखा होता, तो इस समाज की कितनी बड़ी सेवा हुई होती. PM मोदी ने महाराष्ट्र की पिछली महा विकास अघाड़ी सरकार पर भी निशाना साधा और उस पर कपास किसानों को "दुख" में धकेलने का आरोप लगाया.