लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखनऊ में समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. 38 वर्षीय प्रतीक को सुबह करीब 6 बजे गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक प्रतीक यादव की पल्स पूरी तरह डाउन हो चुकी थी और हार्ट भी काम करना बंद कर चुका था. मौत की असली वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, इससे पहले 30 अप्रैल को भी उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. करीब तीन दिन तक इलाज चलने के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट आए थे.
प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर बेहद सजग माने जाते थे. ऐसे में उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार, समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है. सोशल मीडिया पर भी लोग उनके निधन पर संवेदना जता रहे हैं. प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. इस नाते वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे. उनकी पत्नी अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं.
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद की चर्चाएं भी सामने आती रही थीं. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।